बीकानेर में स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय के 40वें स्थापना दिवस समारोह और डॉ. के.एन. नाग स्मृति व्याख्यानमाला का आयोजन शनिवार को धूमधाम से किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्यपाल एवं कुलाधिपति हरिभाऊ बागडे ने कहा कि विश्वविद्यालयों का दायित्व केवल डिग्री देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को बौद्धिक, नैतिक और व्यवहारिक रूप से सशक्त बनाना भी है। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने और यूपीएससी व आरपीएससी जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं में भाग लेकर नीति निर्धारण से जुड़ने का आह्वान किया।
राज्यपाल ने बताया कि विश्वविद्यालय ने पिछले 40 वर्षों में 28 हजार से अधिक विद्यार्थियों को कृषि शिक्षा प्रदान कर देश-विदेश में अपनी पहचान बनाई है। उन्होंने नई शिक्षा नीति, व्यवहारिक शिक्षा और कॉपी मुक्त परीक्षा की अवधारणा को समय की आवश्यकता बताया। साथ ही बेटियों की शिक्षा और अनुसंधान में भागीदारी बढ़ाने पर भी जोर दिया।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने घोषणा की कि भारत सरकार के इंडिया एआई मिशन के तहत विश्वविद्यालय में 20 करोड़ रुपये की लागत से कृषि आधारित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित किया जाएगा। समारोह में राज्यपाल ने मेघवाल को 'डॉक्टर ऑफ साइंस' की मानद उपाधि प्रदान की, नई पुस्तकों का विमोचन किया तथा ड्रोन प्रशिक्षण केंद्र का उद्घाटन कर विश्वविद्यालय परिसर में पौधारोपण भी किया।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.